भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला नवा रायपुर स्थित वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर भारत ने सबसे तेज 209 रन चेज कर लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया।
टॉस जीतकर भारत ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 208 रन बनाए और भारत को 209 रन का लक्ष्य दिया।
न्यूजीलैंड की शुरुआत आक्रामक रही। डेवोन कॉनवे ने 9 गेंदों में 19 रन और टिम सीफर्ट ने 13 गेंदों में 24 रन की तेज पारी खेली। इसके बाद रचिन रवींद्र ने 26 गेंदों में 44 रन बनाकर पारी को संभाला। मध्यक्रम में ग्लेन फिलिप्स (19) और डेरिल मिचेल (18) ने उपयोगी योगदान दिया। पारी के अंतिम ओवरों में कप्तान मिशेल सेंटनर ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में नाबाद 47 रन बनाए। उनके साथ जैक फाउलकेस ने 8 गेंदों में नाबाद 15 रन जोड़े। इस साझेदारी की बदौलत न्यूजीलैंड 200 रन के पार पहुंचने में सफल रहा।

