रास सीजन-5 का 16-17 अक्टूबर को होगा भव्य आयोजन, बॉलीवुड अभिनेत्री अमायरा दस्तूर होंगी मुख्य अतिथि

रास सीजन-5 का 16-17 अक्टूबर को होगा भव्य आयोजन, बॉलीवुड अभिनेत्री अमायरा दस्तूर होंगी मुख्य अतिथि

होटल बेबीलोन में सजेगी पारंपरिक गरबा की महफिल, छत्तीसगढ़ी संस्कृति और व्यंजनों को मिलेगा विशेष महत्व; विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक उपहार और विदेशी यात्राओं के अवसर

राजधानी रायपुर में पारंपरिक डांडिया और गरबा के लोकप्रिय आयोजन ‘रायपुर रास’ सीजन-5 का आयोजन आगामी 16 और 17 अक्टूबर को होटल बेबीलोन में किया जाएगा। आयोजन को लेकर मंगलवार को प्रेसवार्ता आयोजित कर समिति ने महोत्सव की रूपरेखा और विशेषताओं की जानकारी साझा की। इस वर्ष कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेत्री अमायरा दस्तूर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

आयोजन समिति के अध्यक्ष सार्थक शर्मा ने बताया कि रायपुर रास के इस सीजन में पारंपरिक गरबा, सांस्कृतिक विरासत, मनोरंजन और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। आयोजन के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और परंपराओं को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ी संस्कृति और लोकगीतों की दिखेगी झलक
आयोजन की शुरुआत छत्तीसगढ़ी लोकगीतों और पारंपरिक गुजराती गरबा की धुनों के अनूठे संगम से होगी। सुआ, ददरिया, करमा और पंथी गीतों को गरबा बीट्स के साथ प्रस्तुत करने की योजना है। इसके अलावा परिसर में गढ़कलेवा कॉर्नर भी बनाया जाएगा, जहां लोग चीला, फरा, भजिया, खुरमी और अनरसा जैसे छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे।

प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘बेस्ट छत्तीसगढ़ी ट्रेडिशनल लुक’ पुरस्कार भी रखा जाएगा। यह सम्मान उन प्रतिभागियों को दिया जाएगा, जो अपनी पारंपरिक वेशभूषा और नृत्य के माध्यम से छत्तीसगढ़ की संस्कृति को बेहतर ढंग से प्रदर्शित करेंगे।
पारंपरिक गरबा संगीत और ड्रेस कोड अनिवार्य
समिति के अनुसार, दो दिवसीय आयोजन में सांस्कृतिक परंपरा को बनाए रखने के लिए केवल पारंपरिक गरबा गीत बजाए जाएंगे। बॉलीवुड गानों पर प्रतिबंध रहेगा। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश के लिए पारंपरिक परिधान अनिवार्य होंगे, जबकि वेस्टर्न और कैजुअल कपड़ों में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

आयोजन uni को पारिवारिक और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से प्रवेश व्यवस्था भी निर्धारित की गई है। समिति के अनुसार, कपल्स और ग्रुप एंट्री को प्राथमिकता दी जाएगी तथा अकेले पुरुष प्रतिभागियों (स्टैग बॉयज) को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अक्टूबर की गर्मी को देखते हुए पूरे आयोजन स्थल को वातानुकूलित रखा जाएगा, जिससे प्रतिभागी आरामदायक माहौल में गरबा का आनंद ले सकें।

आईफोन, आईपैड और विदेशी यात्राओं के आकर्षक अवसर
रायपुर रास में मनोरंजन के साथ प्रतिभागियों के लिए आकर्षक उपहारों की भी व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति के मुताबिक, जैन मोबाइल की ओर से सभी प्रतिभागियों को स्क्रैच कूपन दिया जाएगा, जिसके माध्यम से आईफोन और आईपैड जीतने का अवसर मिलेगा। वहीं, श्री ट्रेवल्स की ओर से विजेताओं को बाली, स्विट्जरलैंड, श्रीलंका और फुकेत जैसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थलों की यात्रा के पुरस्कार दिए जाएंगे।

प्रेसवार्ता में सार्थक शर्मा, ऋषभ सोनी, वर्धन पाठक, शशांक ठाकुर, ऋषभ जैन, यश सोनी, प्रतीक कसार, शुभांशु आचार्य, रवि दीक्षित, सिद्धार्थ ठक्कर, मोहित नानवानी, नितिन भंडारकर, यश गोलछा, अमित वर्मा, पलाश बरडिया, अवि चौरसिया, दिव्यांश अग्रवाल और मानस श्रीवास्तव सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Uncategorized