विजयादशमी पर उमड़ सकता है 5 लाख लोगों का जनसैलाब, राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित कई जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
राजधानी रायपुर के डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित दशहरा मैदान में विजयादशमी के अवसर पर भव्य दशहरा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान 101 फीट ऊंचे दशानन रावण का दहन किया जाएगा। साथ ही आकर्षक आतिशबाजी के बीच पूरा मैदान जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठेगा। आयोजन में लगभग 5 लाख लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए आयोजन समिति और प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

इस भव्य आयोजन में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और नगर निगम महापौर मीनल चौबे सहित प्रदेश के मंत्री, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
विधायक पुरन्दर मिश्रा ने दी तैयारियों की जानकारी
रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरन्दर मिश्रा ने दशहरा उत्सव की तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि दशहरा भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और गौरवशाली परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें सत्य, धर्म, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। रावण दहन बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि डब्ल्यूआरएस दशहरा मैदान का यह आयोजन राजधानी रायपुर की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। हर वर्ष बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और परिवार उत्सव में शामिल होते हैं। इस बार भी लाखों लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग, यातायात नियंत्रण, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष प्रबंध किए जाएंगे। वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग और यातायात के सुचारु संचालन पर जोर रहेगा, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
101 फीट ऊंचे रावण के दहन और भव्य आतिशबाजी के साथ डब्ल्यूआरएस दशहरा मैदान में विजयादशमी का पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। यह आयोजन बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देने के साथ राजधानीवासियों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा।

