गुढ़ियारी में 5 सितंबर को दही हांडी का महासंग्राम, विजेता को 15 लाख; बी प्राक और लखबीर सिंह लक्खा लगाएंगे सुरों का तड़का

गुढ़ियारी में 5 सितंबर को दही हांडी का महासंग्राम, विजेता को 15 लाख; बी प्राक और लखबीर सिंह लक्खा लगाएंगे सुरों का तड़का

रायपुर। भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर गुढ़ियारी में 5 सितंबर 2026, शनिवार को भव्य दही हांडी उत्सव प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति एवं श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम दोपहर 3 बजे से अवधपुरी मैदान, दही हांडी उत्सव स्थल, श्रीनगर रोड गुढ़ियारी में होगा।

आयोजन के 16वें वर्ष में इस बार प्रतियोगिता को और भव्य स्वरूप दिया गया है। छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, झारखंड और ओडिशा समेत अन्य राज्यों की गोविंदा टोलियां प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। विजेता टोली को 15 लाख रुपए का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। अब तक रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव सहित विभिन्न क्षेत्रों की करीब 26 पुरुष एवं महिला गोविंदा टोलियों ने पंजीयन कराया है। महाराष्ट्र एवं मध्यप्रदेश के भंडारा, इंदौर और जबलपुर से भी टोलियां शामिल होंगी। प्रतियोगिता में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।

बी प्राक और लखबीर सिंह लक्खा की प्रस्तुति बनेगी आकर्षण
दही हांडी उत्सव के साथ भव्य सांस्कृतिक संध्या भी आयोजित होगी। युवा वर्ग में लोकप्रिय गायक बी प्राक, प्रसिद्ध भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा और छत्तीसगढ़ की लोक गायिका गरिमा स्वर्णा दिवाकर अपनी प्रस्तुतियां देंगी। धार्मिक उत्सव के साथ संगीत और मनोरंजन का यह संगम युवाओं के लिए खास आकर्षण रहेगा।
प्रतियोगिता में पुरुष दही हांडी, महिला दही हांडी और ग्रीस युक्त खंभा दही हांडी विशेष आकर्षण होंगे। अलग-अलग राज्यों से पहुंचने वाली गोविंदा टोलियां साहस, उत्साह और टीम भावना का प्रदर्शन करेंगी।
सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम
आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए समिति ने प्रशासन के सहयोग से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। पुलिस व्यवस्था के साथ प्राथमिक उपचार केंद्र और आपात स्थिति के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए भी समुचित इंतजाम किए गए हैं। समिति ने सभी गोविंदा टोलियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल ने रायपुरवासियों, कृष्ण भक्तों और युवाओं से बड़ी संख्या में आयोजन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष के साथ इस वर्ष का उत्सव यादगार बनाया जाएगा।
वार्ता के दौरान पुष्पेंद्र उपाध्याय, हेमेंद्र साहू, दीनानाथ शर्मा, घनश्याम पारीक, आजाद गुर्जर, रमेश बंसल, शंकर बरवा, प्रकाश माहेश्वरी, पुरुषोत्तम देवांगन, संजय अग्रवाल, घनश्याम शर्मा, श्रवण शर्मा, दीपक राम और भगत अग्रवाल सहित अन्य उपस्थित रहे।

Chhattisgarh