रायपुर। भारतीय डाक विभाग द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी 9 से 15 अक्टूबर 2026 तक राष्ट्रीय डाक सप्ताह मनाया जा रहा है। इसकी शुरुआत 9 अक्टूबर को विश्व डाक दिवस के साथ हुई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल के सभी संभागीय कार्यालयों में विभिन्न विषयों पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आम जनता को डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है।
विश्व डाक दिवस यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन (UPU) की स्थापना की वर्षगांठ के अवसर पर मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों और व्यवसायों के दैनिक जीवन में डाक विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका तथा वैश्विक, सामाजिक और आर्थिक विकास में डाक सेवाओं के योगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इस वर्ष विश्व डाक दिवस की थीम “One Postal Network, Infinite Possibilities” यानी “एक डाक नेटवर्क, अनंत संभावनाएँ” रखी गई है। यह थीम एकीकृत वैश्विक डाक नेटवर्क की ताकत और लोगों, व्यवसायों तथा समुदायों के लिए उपलब्ध अवसरों को दर्शाती है। डाक सेवाएं लोगों को आपस में जोड़ने के साथ-साथ आवश्यक सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और नए अवसरों के रास्ते खोलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
राष्ट्रीय डाक सप्ताह के अंतर्गत 9 अक्टूबर को विश्व डाक दिवस के साथ सप्ताह का शुभारंभ हुआ। 12 अक्टूबर को ‘फन विद फिलाटेली दिवस’ के माध्यम से डाक टिकट संग्रह के प्रति रुचि बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। वहीं, 13 अक्टूबर को वित्तीय समावेशन एवं नागरिक केंद्रित सेवा दिवस तथा टेक्नोलॉजी एवं नवाचार दिवस के तहत डाक विभाग की सेवाओं, तकनीकी सुविधाओं और नवाचारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय डाक सप्ताह का उद्देश्य डाक सेवाओं को आम नागरिकों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाना और आधुनिक समय में डाक विभाग की उपयोगिता को रेखांकित करना है। इस आयोजन के जरिए डाक विभाग के व्यापक नेटवर्क, नागरिक-केंद्रित सेवाओं और बदलती तकनीक के साथ विकसित हो रही सुविधाओं के बारे में लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

