मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रावघाट – रायपुर एवं रायपुर – कुरूद यात्री रेल सेवाओं को दिखाई हरी झंडी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रावघाट – रायपुर एवं रायपुर – कुरूद यात्री रेल सेवाओं को दिखाई हरी झंडी

छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर रेलवे स्टेशन से रावघाट–रायपुर एवं रायपुर–कुरूद यात्री रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर ताड़ोकी–रावघाट और अभनपुर–कुरूद रेलखंडों का लोकार्पण किया गया। साथ ही रायपुर में आधुनिक इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव मेंटेनेंस फैसिलिटी की आधारशिला रखी गई।

ताड़ोकी से रावघाट तक 17.5 किलोमीटर रेल लाइन का निर्माण पूरा होने के साथ रावघाट पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ गया है। इससे बस्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों की राजधानी रायपुर से कनेक्टिविटी बेहतर होगी। साथ ही व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने से विकास को गति मिलेगी और स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि प्रदेश में लगभग 54 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इस वर्ष छत्तीसगढ़ को 7,470 करोड़ रुपये का रेलवे बजट आवंटित किया गया है। वर्ष 2014 के बाद प्रदेश में 1,328 किलोमीटर नई रेल पटरियां बिछाई गई हैं तथा 32 रेलवे स्टेशनों का विश्वस्तरीय विकास किया जा रहा है, जिनमें से आठ स्टेशन तैयार हो चुके हैं।

रायपुर में बनने वाली आधुनिक इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव मेंटेनेंस फैसिलिटी में भविष्य में 300 हाई हॉर्सपावर इलेक्ट्रिक रेल इंजनों के रखरखाव की क्षमता विकसित होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई रेल परियोजनाएं छत्तीसगढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ेंगी। इससे किसानों, विद्यार्थियों, मरीजों और युवाओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

Uncategorized