राजधानी रायपुर के नवागांव स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 10 और 13 मई को होने वाले आईपीएल मुकाबलों को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। रविवार 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक मैच देखने कई वीआईपी मेहमानों और बॉलीवुड हस्तियों के पहुंचने की संभावना है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है। संभावित वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और ज्यादा सख्त कर दी गई है।
आईजी अमरेश मिश्रा के मार्गदर्शन में डीआईजी गिरिजाशंकर जायसवाल पूरी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। मैच के दौरान 8 आईपीएस अधिकारियों, 20 राजपत्रित अधिकारियों और करीब 1500 पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। स्टेडियम और आसपास के इलाकों में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा करीब 300 ट्रैफिक जवान यातायात व्यवस्था संभालेंगे, ताकि दर्शकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
मैच देखने आने वाले दर्शकों के लिए प्रशासन ने 5 अलग-अलग रूट तय किए हैं। वहीं स्टेडियम में प्रवेश के लिए 12 एंट्री गेट बनाए गए हैं। रायपुर, दुर्ग-भिलाई, बिलासपुर और धमतरी से आने वाले दर्शकों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है। पार्किंग स्थल श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल, सेंध तालाब और परसदा क्षेत्र में बनाए गए हैं। वीआईपी मूवमेंट के लिए अलग विशेष रूट आरक्षित रखा गया है, जिससे खिलाड़ियों और सेलिब्रिटीज की आवाजाही बिना बाधा जारी रह सके।
आईपीएल मैच के दौरान शहर की सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस कमिश्नरेट के जवानों को विशेष जिम्मेदारी दी गई है। शहर के भीतर संदिग्ध गतिविधियों और संदिग्ध व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मैच के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या सुरक्षा में चूक न हो, इसके लिए व्यापक स्तर पर मॉनिटरिंग की जा रही है।

