भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र स्थित नेहरू नगर पश्चिम की पॉश कॉलोनी में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घटना सोमवार दोपहर से देर रात के बीच की बताई जा रही है, जब मकान मालिक अपने परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने गए हुए थे।

चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और पूरे घर को खंगाल डाला। अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक करीब डेढ़ लाख रुपए नकद और 45 से 50 लाख रुपए तक के जेवरात चोरी हुए हैं, हालांकि परिजनों का दावा है कि नुकसान इससे भी ज्यादा हो सकता है।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने मामले के खुलासा के लिए एक टीम का गठन किया है, पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

