रायपुर। भाजपा नेता बसंत अग्रवाल का प्रेसवार्ता में दिया गया बयान कि ‘विधायक मेरे सामने कहीं नहीं लगते’ सोशल मीडिया में काफी वायरल हो रहा है. इस बयान को कांग्रेस ने मुद्दा बनाते हुए एक दिन पहले जहां अपने ऑफिशियल फेसबुक पेज पर शेयर किया था. वहीं आज इस पर भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर का बयान भी सामने आया है. बढ़ते सियासी बवाल के बीच बसंत अग्रवाल ने बयान पर अपनी सफाई दी है.
दरअसल, राजधानी रायपुर में रविवार को भाजपा नेता और समाजसेवी बसंत अग्रवाल ने बागेश्वर धाम पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी. इस दौरान उन्होंने पत्रकार के सवाल पर कहा था कि ‘विधायक मेरे सामने कहीं (कुछ) नहीं लगते. एक तरफ मंत्री, दूसरी तरफ मुझे खड़े कर लो, देख लीजिएगा किसे ज्यादा नमस्कार होगा.’ यह बयान सोशल मीडिया में काफी तेजी वायरल हो रहा है.
कांग्रेस ने कल इस वीडियो को अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट के जरिए पोस्ट करते हुए लिखा था कि भाजपा के विधायकों और मंत्रियों से खुद को ज्यादा शक्तिशाली मानने वाले बसंत अग्रवाल बता रहे हैं कि विधायक राजेश मूणत इनके आगे कुछ नहीं लगता है और यह भी चैलेंज कर रहें हैं कि विष्णुदेव साय के कैबिनेट के किसी मंत्री से ज्यादा पूछ परख इनकी है, किसी मंत्री की भी कोई हैसियत नहीं हैं.
धर्म के नाम अपना चेहरा चमकाने वाले ऐसे कथित नेता ही एक दिन फरार होते हैं, और भाजपा इन्हें संरक्षित करते घूमती है. खैर, आपस में निपट लो तो प्रदेश की ओर भी ध्यान दे देना रायपुर खून से सन चुका है, खाद की कमी से किसान हलाकान है, न्यूडिटी विष्णुदेव सरकार का मॉडल बन चुका है.

