सारंगढ़। किसानों को उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने की मांग को लेकर भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने सोमवार को जिला मुख्यालय सारंगढ़ के भारत माता चौक में जोरदार आंदोलन किया। कार्यकर्ताओं और किसानों ने केंद्र व राज्य सरकार सहित कृषि व खाद्य मंत्रियों के खिलाफ पुतला दहन कर विरोध जताया।
आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया कि शासन-प्रशासन की लापरवाही और व्यापारियों से मिलीभगत के कारण यूरिया खाद की कालाबाजारी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी प्रशासन को ज्ञापन देकर तुरंत कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन ठोस कदम न उठाने से किसानों का आक्रोश फूट पड़ा।

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश आजाद, प्रदेश महासचिव मनीन्दर सिंह आजाद, प्रदेश सचिव कालेश्वर खूंटे और जिला अध्यक्ष आपुर बंजारे समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों को 266 रुपये की दर से यूरिया उपलब्ध नहीं कराया गया, तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

