रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने कांग्रेस की बिलासपुर रैली को दोहरे राजनीतिक मापदंड का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वोट चोरी का आरोप लगाते हुए मतदाता सूची शुद्धिकरण (एसआईआर) का विरोध कर रही है, जबकि यही प्रक्रिया गड़बड़ी रोकने के लिए चल रही है। शर्मा ने दस्तावेजों के साथ उदाहरण दिए कि कई लोगों ने गलत जानकारी देकर अलग-अलग बूथों पर दो-दो एपिक नंबर से नाम दर्ज कराए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर के इशारे पर हुआ। राजधानी रायपुर के एक मकान में 350 नाम दर्ज कराने का मामला भी उजागर किया। शर्मा ने कहा कि गलत ढंग से पंजीकृत मतदाताओं पर अब एफआईआर कराई जाएगी। उन्होंने कांग्रेस को आत्ममंथन की सलाह देते हुए कहा कि राहुल गांधी एसआईआर पर देश को गुमराह कर रहे हैं और कांग्रेस हार का ठीकरा दूसरों पर फोड़ रही है।

