संस्कारधानी रायपुर के गुढ़ियारी में इस बार 16वां भव्य दही-हांडी उत्सव आयोजित होने जा रहा है। सार्वजनिक दही-हांडी उत्सव समिति एवं श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में यह आयोजन 17 अगस्त 2025, रविवार शाम 4 बजे से अवधपुरी मैदान, श्रीनगर रोड पर होगा।
समिति संयोजक बसंत अग्रवाल ने बताया कि विजेताओं के लिए कुल 11 लाख रुपये की इनामी राशि रखी गई है—जिसमें पुरुष वर्ग के लिए 7 लाख, महिला वर्ग के लिए 2 लाख और ग्रीस युक्त खंभा हांडी के लिए 2 लाख रुपये शामिल हैं। इसके अलावा 50 सदस्यीय टोली को 11 हजार और 100 सदस्यीय टोली को 21 हजार रुपये सांत्वना पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे।
यह आयोजन अब राष्ट्रीय स्वरूप ले चुका है। इस बार छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ-साथ ओडिशा, मध्यप्रदेश, झारखंड और महाराष्ट्र से भी गोविंदा टोलियां हिस्सा लेंगी। अब तक 30 से अधिक स्थानीय एवं कई महिला टोलियां पंजीकृत हो चुकी हैं। मनोरंजन के लिए इंडियन आइडल विजेता पवनदीप राजन और प्रसिद्ध भजन गायिका गीता बेन रबारी अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बनाएंगे।

छत्तीसगढ़ की गायिका पूनम-दिव्या तिवारी व ओडिशा के “घंटा बाजा” कलाकार सजाएंगे मंच रायपुर। 16वें भव्य दही-हांडी उत्सव में राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित छत्तीसगढ़ की लोकप्रिय गायिका पूनम-दिव्या तिवारी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगी। साथ ही ओडिशा के कलाकार पारंपरिक “घंटा बाजा” प्रस्तुत करेंगे, जबकि ग्रीस युक्त खंभा चढ़ाई प्रतियोगिता विशेष आकर्षण रहेगी। संयोजक बसंत अग्रवाल ने बताया कि इस आयोजन की शुरुआत 2010 में महावीर स्कूल के पास छोटे मैदान से हुई थी, जिसमें स्थानीय मोहल्लों की कुछ टोलियां ही हिस्सा लेती थीं। समय के साथ यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध हो गया। कोरोना काल के दो वर्षों के अंतराल के बाद यह उत्सव पूरे वैभव के साथ वापसी कर रहा है। दर्शकों और प्रतिभागियों की सुविधा व सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। प्रशासन के सहयोग से पूरे मैदान में पुलिस बल की तैनाती होगी। बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, प्राथमिक उपचार केंद्र और एम्बुलेंस की सुविधा भी रहेगी। समिति ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगिता के दौरान किसी भी टोली के साथ होने वाली दुर्घटना की जिम्मेदारी उसी टोली की होगी।

