रायपुर। देश-प्रदेश से मार्च 2026 तक लाल आतंक को खत्म करने का लक्ष्य लेकर चल रही केंद्र सरकार के कड़े रुख को एक बार फिर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्पष्ट कर दिया है. उन्होंने कहा कि पहले बारिश में नक्सलियों को आराम मिल जाता था, लेकिन इस बार बारिश में नक्सलियों को सोने नहीं देंगे. बारिश में भी पूरी ताकत से छत्तीसगढ़ में एंटी-नक्सल ऑपरेशन चलेगा.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले डेढ़ सालों में विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने दिन दूनी रात चौगुनी प्रगति की है. मगर छत्तीसगढ़ में विष्णु देव की सरकार और गृह मंत्री विजय शर्मा की सबसे बड़ी उपलब्धि है, जो एक रुके हुए नक्सल विरोधी अभियान को द्रुत गति से चलाया और छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त करने की दिशा में आगे बढ़े. इन दोनों नक्सल विरोधी अभियान को धार दी, बल्कि समय-समय पर मार्गदर्शन दिया, पुलिस का हौसला बढ़ाया, मै भारत सरकार की ओर से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा को बहुत-बुहत साधुवाद देना चाहता हूं.
मैने छत्तीसगढ़ में, इसी नवा रायपुर में, अटल नगर में कहा था कि 31-3-26 तक यह देश नक्सलवाद मुक्त हो जाएगा. आज मैं फिर यह बात विश्वास के साथ दोहराना चाहता हूं कि जिस तरह से सुरक्षाबलों ने पराक्रम किया है, सूचना एजेंसियों ने सटिक रणनीति बनाई है, हम इस लक्ष्य को सिद्ध करके रहेंगे. आज छत्तीसगढ़ वासियों को कहकर जाता हूं, कि हर बार बारिश में नक्सली थोड़ा आराम कर लेते थे, लेकिन इस बार बारिश में भी हम उनको सोने नहीं देंगे. और 31 मार्च के लक्ष्य को हम आगे बढ़ाएंगे.

