गलत सेमेस्टर का पेपर बांटने से विद्यार्थी परेशान

गलत सेमेस्टर का पेपर बांटने से विद्यार्थी परेशान

रायपुर. पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में एक बार फिर प्रशासनिक लापरवाही ने विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है. टाइम टेबल जारी करने के बावजूद यूनिवर्सिटी सही समय पर परीक्षा आयोजित करना भूल गई, जिससे परीक्षा देने पहुंचे विद्यार्थी दिनभर परेशान रहे.

दरअसल आज 16 जून को बीवॉक (जेम एंड जेमोलॉजी) के छठे सेमेस्टर की परीक्षा निर्धारित थी. लेकिन यूनिवर्सिटी की लापरवाही के कारण परीक्षा केंद्र पर छठे सेमेस्टर के बजाय दूसरे सेमेस्टर का प्रश्न पत्र और रोल नंबर बांटे गए. न तो सही रोल नंबर उपलब्ध थे और न ही सही प्रश्न पत्र. परेशान विद्यार्थियों ने बातचीत में बताया कि जब वे परीक्षा हाल में पहुंचे, तो वहां कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला.

विद्यार्थियों ने अपनी शिकायत लेकर प्रशासनिक भवन और संबंधित विभाग का रुख किया, लेकिन वहां ताले लटके मिले. इसके बाद जब वे दोबारा परीक्षा भवन पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि उनका प्रश्न पत्र तैयार ही नहीं किया गया है और परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है.

Chhattisgarh