भीमराव अंबेडकर वार्ड में व्यवहार बना बड़ा मुद्दा
वार्डवासियों ने कहा- पार्षद उसे चुनेंगे जो सुने हमारी बात
रायपुर नगर निगम के चुनाव के लिए मतदान की तारीख जैसे-जैसे करीब आ रही है, वार्डों में चुनाव बेहद दिलचस्प होता जा रहा है। प्रदेश और शहर के मुद्दों से हटकर वार्ड का चुनाव अब पूरी तरह व्यवहार और सरलता पर केंद्रित होता जा रहा है। राजधानी के डॉ. भीमराव अंबेडकर वार्ड क्रमांक 11 में भी कमोबेश ऐसी ही तस्वीर नजर आ रही है। इस चुनाव में कांग्रेस ने हेमंत पटेल को अपना प्रत्याशी बनाया है। अन्य प्रत्याशियों की तुलना में हेमंत की सहजता, सरलता और व्यवहार कुशलता वार्ड में सबसे बड़ा मुद्दा बन गया है। वार्ड के लोगों का कहना है कि हेमंत पटेल सहजता से वार्ड के लोगों से मिलते हैं। उनकी समस्याएं सुनते हैं और यथासंभव उसका निराकरण भी करते हैं। इसीलिए वार्ड के लोगों का हेमंत के साथ बेहद दोस्ताना और पारिवारिक संबंध है।
वार्ड क्रमांक 11 के निवासी और कांग्रेस नेता विजय टंडन कहते हैं कि इस वार्ड में चुनाव अब अहंकार और विनम्रता के बीच केंद्रित हो गया है। भाजपा और अन्य दलों के प्रत्याशी इगो की वजह से जहां लोगों से कनेक्ट नहीं हो पा रहे हैं। वहीं कांग्रेस के प्रत्याशी हेमंत पटेल बेहद सहजता से न सिर्फ लोगों से मिल रहे हैं, बल्कि उनकी व्यवहार कुशलता लोगों का दिल भी जीत रही है। विजय टंडन बताते हैं कि हेमंत पटेल के साथ वार्ड के लोगों का ऐसा रिश्ता है जो जनता और जनसेवक के बीच आदर्श माना जाता है।
दरअसल उनकी व्यवहार कुशलता लोगों को इसलिए भी आकर्षित कर रही है, क्योंकि सांसद और विधायक के पास तो जनता को जाने की जरूरत नहीं पड़ती। यदा कदा पार्षद के पास लोगों को जरूर जाना पड़ता है। ऐसे में लोगों का विश्वास है कि अगर हेमंत पटेल पार्षद चुनकर आते हैं, तो उन्हें न सिर्फ सम्मान देंगे बल्कि आसानी से उनका काम भी होगा। यही वजह है कि हेमंत पटेल अब अन्य प्रत्याशियों पर अपने सहज सरल व्यवहार की वजह से भारी पड़ते नजर आ रहे हैं।

