जांजगीर-चांपा। जिले के ग्राम धुरकोट से एक चिंताजनक मामला सामने आया है। तरबूज और चिकन खाने के बाद एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है।

मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने तत्काल संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम और संबंधित एसडीएम को जिला अस्पताल जांजगीर रवाना किया। वहीं, गांव में भी मेडिकल टीम भेजकर परिवार और आसपास के लोगों के स्वास्थ्य की जांच शुरू कर दी गई है।
सिविल सर्जन एस. कुजूर के मुताबिक, बच्चों ने तरबूज और चिकन खाने के बाद उल्टी-दस्त और तबीयत खराब होने की शिकायत की थी। एक बच्चे की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल भर्ती बच्चों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
कलेक्टर के निर्देश पर संबंधित तरबूज के सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं। वहीं मृत बच्चे का पोस्टमार्टम कराया गया है और विसरा सुरक्षित रखा गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में लगातार निगरानी रख रही है और अन्य ग्रामीणों के स्वास्थ्य की भी जांच की जा रही है।

