चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां खुद को चमत्कारी बताने वाले निर्मल बाबा (60) पर महिला के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी को हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी मूल रूप से महाराष्ट्र के नासिक का रहने वाला है।
26 मार्च को आरोपी ने महिला को फोन कर बाजार बुलाया और उसे प्रसाद दिया। उसने दावा किया कि यह प्रसाद उसकी सारी शारीरिक तकलीफ दूर कर देगा। महिला उसके बहकावे में आ गई। इसके बाद आरोपी उसे पहले बिलासपुर ले गया और फिर ट्रेन के जरिए मध्यप्रदेश के मैहर पहुंचा। वहां एक होटल में ठहराकर इलाज के नाम पर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता ने 11 अप्रैल 2026 को पामगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि होटल में आरोपी ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान उसने महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें भी अपने मोबाइल में कैद कर लीं। 1 अप्रैल को आरोपी उसे बिलासपुर में छोड़कर भाग गया।
घटना के बाद आरोपी लगातार महिला को फोन कर परेशान करता रहा। जब महिला ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया, तो उसने कथित तौर पर महिला के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर आपत्तिजनक तस्वीरें पोस्ट कर दीं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं 64(2)(एम) और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।

