SDM तहसीलदार पर लाठी  डंडे से पिटाई का गंभीर आरोप

SDM तहसीलदार पर लाठी डंडे से पिटाई का गंभीर आरोप

बलरामपुर – जिले के कुसमी विकासखंड अंतर्गत ग्राम हंसपुर में प्रशासनिक टीम पर लगे गंभीर आरोपों के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। आरोप है कि एसडीएम की टीम ने पूछताछ के दौरान लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे एक ग्रामीण की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना में राम नरेश राम (62 वर्ष) की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि आकाश अगरिया (20 वर्ष) घायल अवस्था में कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचाराधीन है। मृतक के साथ मौजूद अजीत कुमार (60 वर्ष) भी घटना के समय मौके पर थे। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि पूछताछ के दौरान की गई मारपीट के चलते राम नरेश राम की तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।

इलाके में यह चर्चा भी तेज है कि हंसपुर क्षेत्र में बॉक्साइट के अवैध उत्खनन को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। बताया जा रहा है कि बॉक्साइट से लदे एक ट्रक को रोककर कथित अवैध वसूली की सूचना मिलने पर एसडीएम और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे थे। हालांकि इस पूरे मामले में प्रशासन की ओर से अब तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

मामले पर वैभव बैंकर, पुलिस अधीक्षक, ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पीएम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे और उसी अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है। सुरक्षा की दृष्टि से एसडीएम, नायब तहसीलदार और उनकी टीम को राजपुर थाने में रखा गया है, वहीं तनाव को देखते हुए कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Chhattisgarh