शहर के व्यस्ततम मार्गों में शामिल मोवा ओवर ब्रिज पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर जनप्रतिनिधियों ने गंभीर चिंता जताई है। पूर्व अध्यक्ष जोन क्रमांक–03 एवं पार्षद डॉ. प्रमोद साहू ने इस समस्या को लेकर उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री माननीय अरुण साव से मुलाकात कर ओवर ब्रिज पर डिवाइडर निर्माण की मांग रखी।
डॉ. साहू ने मंत्री जी को अवगत कराया कि मोवा ओवर ब्रिज पर डिवाइडर न होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे आम नागरिकों की जान जोखिम में पड़ रही है। इस विषय को मंत्री अरुण साव ने गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्यवाही कर डिवाइडर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
मंत्री जी ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से शीघ्र स्थल निरीक्षण कर कार्य प्रारंभ करने को कहा।
स्थानीय नागरिकों एवं क्षेत्रवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि डिवाइडर निर्माण से दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आएगी और यातायात व्यवस्था सुरक्षित होगी।

