अंबिकापुर : छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर स्थित प्रसिद्ध माँ महामाया मंदिर में पूजा के दौरान अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। बताया जा रहा है कि दिया जलाते समय मन्नत के धागे और चुनरी में आग लग गई, जिससे देखते ही देखते आग की लपटें फैल गईं।
आग लगते ही मंदिर परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और श्रद्धालु इधर-उधर भागने लगे। हालात को भांपते हुए मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और मंदिर समिति के सदस्यों ने तत्परता दिखाई और तत्काल आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई। इस घटना में किसी भी श्रद्धालु के घायल होने की सूचना नहीं है।
मंदिर परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, कतार प्रबंधन और सीसीटीवी निगरानी जैसी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। मंदिर समिति और प्रशासनिक अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए रहे। भक्तों में नए साल की शुरुआत माता के दर्शन से करने का उत्साह साफ नजर आया। श्रद्धालुओं ने बताया कि वे हर साल नववर्ष की शुरुआत माँ महामाया के चरणों में मत्था टेककर करते हैं।

