रायपुर. राजधानी रायपुर फिर चाकूबाजी की वारदात से थर्राया उठा. पुरानी बस्ती थाना इलाके के पहाड़ी तालाब में रविवार रात कुछ युवकों के बीच चाकूबाजी हुई है. वारदात से इलाके में दहशत का माहौल बन गया. वहीं पार्षद सरिता दुबे ने मामले में पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है. (रायपुर में चाकूबाजी)
जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार रात 8 से 9 बजे के बीच की बताई जा रही है. किसी बात को लेकर कुछ युवकों के बीच विवाद शुरू हुआ. देखते ही देखते एक युवक ने अपने पास रखे धारदार चाकू से हमला कर दिया. घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें कुछ युवक सड़क पर गिरते हुए भाग रहे हैं. एक युवक हाथ में बेल्ट लेकर दौड़ते दिखाई दे रहा है. तलाब परिसर और सड़क पर खून के निशान हैं.
सूत्रों ने बताया कि तालाब परिसर में एक युवक द्वारा बीयर पीने को लेकर विवाद की शुरुआत हुई. वहां मौजूद युवकों ने उसे मना किया, जिस पर कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते मामला गाली-गलौच और मारपीट तक पहुंच गया. विवाद बढ़ने पर एक युवक ने अपने पास रखे चाकू से हमला कर दिया. घटना के बाद तालाब किनारे और सीढ़ियों पर खून के निशान फैल गए. मामला दो गुटों के बीच का नहीं, बल्कि रोजाना वहां बैठने वाले युवकों के आपसी विवाद का है. हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. किसी के सीने तो किसी के पेट में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि एक युवक को बाएं हाथ में गहरी चोट लगी है.

