मुंबई को छोड़ सभी शहरों की फ्लाइट समय पर, किराया भी नियंत्रण में

मुंबई को छोड़ सभी शहरों की फ्लाइट समय पर, किराया भी नियंत्रण में

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में लगातार 10 दिनों तक अव्यवस्था झेलने के बाद संचालित होने वाली हवाई सेवाएं अब धीरे-धीरे सामान्य हो गई हैं। मुंबई को छोड़कर देश के अन्य प्रमुख शहरों से आने-जाने वाली लगभग सभी फ्लाइटें तय समय पर संचालित हो रही हैं, जिससे यात्रियों ने राहत की सांस ली है।हालांकि मुंबई-रायपुर-मुंबई रूट की शाम 5 बजे आने वाली एक फ्लाइट अभी भी रद्द है, लेकिन विमानतल प्रबंधन से जुड़े सूत्रों के अनुसार रविवार से इसके भी नियमित रूप से शुरू होने की संभावना है।

रायपुर एयरपोर्ट से सबसे अधिक उड़ानों का संचालन करने वाली इंडिगो एयरलाइंस की कई फ्लाइटें बीते 10 दिनों से प्रभावित थीं। विमानों की कमी के चलते यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।बुधवार के बाद रायपुर से संचालित होने वाली 27 से 30 नियमित उड़ानों में से तीन फ्लाइट लगातार स्थगित हो रही थीं। शनिवार को स्थिति में सुधार देखने को मिला और रद्द होने वाली उड़ानों की संख्या घट गई। रविवार को केवल मुंबई की एक फ्लाइट को छोड़कर बाकी सभी शहरों के लिए उड़ान सेवाएं सुचारू रहीं।

फ्लाइट संचालन सामान्य होने के बावजूद विंटर सीजन के हिसाब से यात्रियों की संख्या अभी कम बनी हुई है। केंद्र सरकार के प्राइस कैप के अनुसार 500 किमी तक – ₹7,500, 1000 किमी तक – ₹12,000, 1500 किमी तक – ₹15,000, उससे अधिक दूरी – ₹18,000 हैं, फिलहाल इन तय सीमाओं और मौजूदा किराए में ज्यादा अंतर नहीं देखा जा रहा है। हालांकि छुट्टियों के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने पर किराए में इजाफा हो सकता है।

Chhattisgarh