रायपुर। 6 सितम्बर अनंत चतुर्दशी से खारून नदी के किनारे महादेवघाट में निर्मित विसर्जन कुंड में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शुरु हो जाएगा। विसर्जन झांकियां 8 सितम्बर को निकलेंगी। झांकियां शारदा चौक से प्रारंभ होंगी, जहां उन्हें नंबर दिया जायेगा। झांकियां शारदा चौक से जयस्तंभ चौक, कोतवाली चौक, सदर बाजार, सत्ती बाजार, कंकाली तालाब, पुरानी बस्ती थाना चौक, लीली चौक, लाखे नगर चौक, सुन्दर नगर, महादेव घाट रिंगरोड चौक, रायपुरा होते हुए महादेव घाट पहुंचेंगी, जहां गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। नगर निगम कमिश्नर विश्वजीत ने गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन की प्रशासनिक व्यवस्था हेतु 6 सितम्बर को प्रातः 6 बजे से 12 सितम्बर को प्रातः 6 बजे तक के लिए चक्रानुसार जोनवार सभी जोन कमिश्नरों, जोन कार्यपालन अभियंताओं, सहायक अभियंताओं, उप अभियंताओं, समयपालों तथा श्रमिकों की ड्यूटी लगाई है। इस संबंध में निगम कमिश्नर ने लिखित आदेश जाारी किया है।
विसर्जन झांकी के दौरान लाखे नगर चौक से महादेवघाट रिंग रोड तक वन वे ट्रैफिक रहेगा। निगम कमिश्नर विश्वजीत ने गणेश उत्सव एवं गणेश विसर्जन के अवसर पर नेशनल ग्रीन ट्रिब्युनल एवं शासन द्वारा दिये गये निर्देशों का पालन करने के लिए कहा है। खारून नदी के किनारे निर्मित विसर्जन कुंड में गणेश विसर्जन के पूर्व पूजन सामग्रियों को अलग कराकर उपयुक्त स्थल पर रखा जाये। मूर्तियों का विसर्जन नदी में किसी भी परिस्थिति में न किया जाये तथा नदी के जल को दूषित होने से बचाया जाये। ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रहे।
निगम कमिश्नर ने विसर्जन कुण्ड स्थल पर केन, मंच की व्यवस्था, कंट्रोल रूम, टार्च, मोटर बोट, गोताखोर, मजबूत एवं अच्छे किस्म का रस्सा, लांग बूट, रेन कोट, बड़े साइज के छाते की व्यवस्था जोन 8 कमिश्नर श्रीमती राजेश्वरी पटेल को करने निर्देशित किया है। लाखे नगर चौक में सर्च लाईट, पंडाल, मंच, माईक, कंट्रोल रूम की व्यवस्था जोन 5 जोन कमिश्नर खीरसागर नायक मो. नं. 9406050199 करेंगे। लाखे नगर चौक पर प्राथमिक उपचार व्यवस्था, एम्बुलेंस, स्टाफ के साथ चिकित्सा शिविर, मेडिकल कैम्प, विसर्जन स्थल पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के दल सहित एम्बुलेंस चिकित्सक टीम, आवश्यक दवाईयों के साथ उपलब्ध करवाने इसके लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सूचित करने हेतु उपायुक्त (स्वास्थ्य) श्रीमती प्रीति सिंह मो. नं. 8319517473 समन्वय कर आवश्यक कार्यवाही करेंगी।

