शहर में हर दिन लाखों के ड्रग्स की तस्करी, 2 युवतियां समेत 5 तस्कर गिरफ्तार

शहर में हर दिन लाखों के ड्रग्स की तस्करी, 2 युवतियां समेत 5 तस्कर गिरफ्तार

रायपुर पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कबीर नगर पुलिस ने जालंधर (पंजाब) से हेरोइन सप्लाई करने वाले गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक यह गिरोह पंजाब के जालंधर से हेरोइन लाकर रायपुर और आसपास के दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर और धमतरी जिले में सप्लाई करता था। इनके ग्राहक शहर के बड़े क्लबों, फार्महाउस और प्राइवेट पार्टीज में जुड़े हुए थे। जांच में सामने आया कि आरोपी रोजाना लाखों रुपये का ड्रग्स खपाते थे।

पुलिस ने इन आरोपियों के कब्जे से 273.14 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 5 मोबाइल फोन और अन्य सामग्री सहित कुल 57 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है। जब्त की गई हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।

यह गिरोह बेहद शातिर तरीकों से काम करता था। तस्कर ड्रग्स किसी सुनसान स्थान पर रखकर उसका वीडियो बनाते और ग्राहकों को भेजते थे। इसके बाद लोकेशन शेयर या इंटरनेट कॉलिंग के जरिए लेनदेन पूरा किया जाता था। इस तरह वे फिल्मी स्टाइल में नशे का कारोबार संचालित करते थे।

मुख्य आरोपी मनमोहन सिंह और विजय मोटवानी को पुलिस ने 5 दिन की रिमांड पर लिया है। पुलिस को पूछताछ में 150 से अधिक ग्राहकों और कई बड़े नामों का खुलासा होने की संभावना है। आरोपियों के मोबाइल, फ्लैट और डायरी से मिले रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। साथ ही, पंजाब और अन्य राज्यों के ड्रग्स सिंडिकेट्स से इनके कनेक्शन की भी पड़ताल शुरू हो गई है।

Chhattisgarh