अंतरराष्ट्रीय तस्कर समेत 9 आरोपियों को किया गिरफ्तार, 1 करोड़ की हेरोइन बरामद

अंतरराष्ट्रीय तस्कर समेत 9 आरोपियों को किया गिरफ्तार, 1 करोड़ की हेरोइन बरामद

रायपुर। पुलिस ने अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। टिकरापारा थाना क्षेत्र में स्थित कमल विहार के एक मकान में दबिश देकर पुलिस ने पाकिस्तान से तस्करी कर लाई गई 1 करोड़ रुपये मूल्य की 412 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इस मामले में पंजाब के कुख्यात ड्रग सप्लायर लवजीत सिंह उर्फ बंटी सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस को इनपुट मिला था कि पाकिस्तान से हेरोइन की सप्लाई पंजाब के रास्ते रायपुर तक की जा रही है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। क्राइम ब्रांच एएसपी संदीप मित्तल की अगुवाई में टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी लवजीत सिंह पाकिस्तान से सीधे हेरोइन मंगवाकर भारत में नेटवर्क के ज़रिए डिस्ट्रीब्यूट करता था।

पुलिस ने इन आरोपियों के कब्जे से 412.87 ग्राम हेरोइन (कीमत लगभग ₹1 करोड़), कई मोबाइल फोन, क्रेटा कार (CG 04 QH 7491), तौल मशीन, हेरोइन पीने में उपयोगी सामग्री, एटीएम कार्ड, चेकबुक समेत कई सबूत जब्त किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना टिकरापारा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी), 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में करोड़ों रुपये के लेन-देन और अंतरराष्ट्रीय लिंक सामने आए हैं, जिनके आधार पर आगे की गिरफ्तारी और जांच जारी है।
पुलिस ने बताया कि लवजीत सिंह द्वारा पाकिस्तान से हेरोइन मंगवाने की पुष्टि हुई है और वह वर्चुअल इंटरनेशनल नंबरों का उपयोग करता था। नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और आगे जल्द ही अधिक गिरफ्तारी संभव है। इस बड़ी सफलता पर पुलिस महानिदेशक ने रायपुर रेंज के आईजी और पूरी टीम को बधाई दी है और टीम को पुरस्कृत करने की अनुशंसा की गई है।

Chhattisgarh