BJP कार्यालय के बाहर प्रदर्शन नियुक्ति की मांग को लेकर फूटा आक्रोश

BJP कार्यालय के बाहर प्रदर्शन नियुक्ति की मांग को लेकर फूटा आक्रोश

रायपुर में डीएड (D.Ed) अभ्यर्थियों ने बीजेपी (BJP) कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर शिक्षा विभाग पर आरोप लगाया कि 984 रिक्त पद होने के बावजूद छठवें चरण की काउंसलिंग शुरू नहीं की गई। अभ्यर्थियों की मांग है कि सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) के आदेश का पालन कर 1:2 अनुपात में पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए।

शिक्षा विभाग द्वारा कुल 6285 सहायक शिक्षक पदों पर भर्ती की प्रक्रिया सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) और हाईकोर्ट (High Court) के आदेशों के अधीन शुरू हुई थी। कोर्ट के निर्देशों के बावजूद अब तक पांच चरणों में केवल 3979 नियुक्तियाँ ही हुईं। 2300 से अधिक पद अब भी रिक्त हैं, जिनमें से 984 पद निर्विवाद रूप से खाली हैं। पंचम चरण के बाद भी 1316 पद भरे नहीं जा सके, जिसका कारण प्रक्रिया में अपात्र अभ्यर्थियों की भागीदारी बताया गया।

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि पांचवें चरण की काउंसलिंग में कई अपात्र उम्मीदवार शामिल हुए, जिनके पास डीएड की आवश्यक योग्यता नहीं थी। इससे वास्तविक पात्र उम्मीदवार बाहर रह गए और सीटें खाली रहीं।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने 28 अगस्त 2024 को अंतिम आदेश पारित कर हाईकोर्ट के निर्णय को सही ठहराया, फिर भी शिक्षा विभाग अब तक 984 रिक्त पदों पर कोई नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं कर पाया है।

Chhattisgarh