तिरंगा यात्रा में उमड़े लोग, कहा पाकिस्तान से बदला पूरा

तिरंगा यात्रा में उमड़े लोग, कहा पाकिस्तान से बदला पूरा

रायपुर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि आतंकवाद के विरुद्ध छेड़े गए निर्णायक संघर्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सेनाओं ने अद्भुत शौर्य का प्रदर्शन किया है। श्री साय ने कहा कि जिस तरह से शत्रु के सैन्य इंफ्रास्ट्रक्चर को हमारी सेना ने चोट पहुंचाई, जिस तरह से आतंकवादियों के ठिकानों पर चुन-चुनकर सेना द्वारा प्रहार किया गया, उस अद्भुत पराक्रम से प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश का मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। श्री साय बुधवार को सर्वसमाज मंच के तत्वावधान में आयोजित तिरंगा यात्रा को सम्बोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस निर्णायक लड़ाई में भारत की कूटनीति का लोहा भी दुनिया ने माना है। पहलगाम घटना के बाद पूरी दुनिया ने पाकिस्तान के कुकृत्य की निंदा की और भारत का साथ दिया। हमारी शानदार कूटनीति के चलते पाकिस्तान दुनिया में अलग-थलग पड़ गया। हमारे विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने दुनियाभर के राजनीतिज्ञों से चर्चा की। श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जिस तरह से आक्रमण की रणनीति बनाई, उससे शत्रु हक्का बक्का रह गया। इससे पाकिस्तान की सैन्य और कूटनीतिक रणनीति की पोल भी दुनिया के सामने खुल गई और इससे उनके मिलिट्री पावर के झूठे दावों की पोल भी खुल गई। श्री साय ने कहा कि पहलगाम हादसे के बाद से लगातार भारत ने जिस तरह से शत्रु देश पर दबाव डाला, उससे भारत की रणनीतिक कुशलता का परिचय मिलता है।

Chhattisgarh