रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने कहा है कि, छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की जीत इस बात की प्रतीक है कि, हमारी पहचान कमल का निशान है। आज ऐतिहासिक सफलता के बाद निर्वाचित प्रतिनिधि अपनी जवाबदेही को नहीं भूलें। छत्तीसगढ़ में भाजपा की सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय व प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव को देते हुए श्री नबीन ने कहा कि जनप्रतिनिधि के नाते जनता की बात सुनें, उनकी समस्याओं के निदान में प्रामाणिकता का परिचय दें।
नबीन शुक्रवार को कुशाभाऊ परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में प्रदेश कार्यसमिमि सदस्य, संभाग प्रभारी, सह प्रभारी, जिला संगठन प्रभारी, सह प्रभारी, जिलाध्यक्ष, निवृत्तमान जिलाध्यक्ष, सभी मोर्चों के प्रदेश पदाधिकारी, सभी मोर्चों के प्रदेश संयोजक, सह संयोजक, सभी महापौर, सभापति, नपा-नपं अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
भाजपा प्रदेश प्रभारी श्री नबीन ने कहा कि, आज छत्तीसगढ़ में पंचायत से लेकर संसद तक भाजपा है। जन प्रतिनधि यह बात हमेशा ध्यान रखें कि हमें अनुशासन पर ध्यान देना है पार्टी के निर्णय को सहज स्वीकार करें। इसमें उनका ही लाभ है। आप सभी जनप्रतिनिधियों के समक्ष अब भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रध्देय अटलजी के सपनों का छत्तीसगढ़ बनाने व संवारने की गहन जिम्मेदारी है। श्री नबीन ने प्रधानमंत्री श्री मोदी के 30 मार्च को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास में सबकी सहभागिता सुनिश्चित करने की बात कही।

