राजधानी के स्वामी विवेकानंद विमानतल में शुक्रवार रात बड़ी सुरक्षा मे चूक का मामला सामने आया जिसमे आरोपी 24 वर्षीय पारसमणी ध्रुव एयरपोर्ट की दीवार फांदकर अंदर घुसा और एयरस्ट्रीप से होते हुए एयरपोर्ट के नए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) टावर में घुस गया। माना थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है।

आरोपी नए एटीसी टावर की तीसरी मंजिल तक पहुंच गया। तीसरी मंजिल पर पहुंच गए इस व्यक्ति को देखकर एटीसी का कर्मचारी भौंचक रह गया, क्योंकि यहां तक केवल उसी व्यक्ति की पहुंच होती है, जिसे बड़ा सिक्योरिटी क्लीयरेंस मिला होता है। सूचना मिलते ही हड़बड़ाए जवान टावर में घुसे और संदिग्ध को दबोच लिया।
थाना माना कैंप में सीआइएसएफ के निरीक्षक उमाशंकर शुक्ला के द्वारा रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। जिसके अनुसार 13 दिसंबर को लगभग सात बजे रायपुर एयरपोर्ट के अंदर परिचालन प्रतिबंधित क्षेत्र (अप्रोन) में आरोपित पारसमणी ध्रुव निवासी सरायपाली थाना तेंदुकोना जिला महासमुंद घुस गया था। आरोपित नशे की हालत में था। जिसे गिरफ्तार किया गया।

