रायपुर। छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय सरकार के मंत्रिमंडल का गठन आज होने जा रहा है. सीएम साय ने मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले 9 विधायकों के नामों का गुरुवार शाम को ऐलान किया था. आज 9 विधायकों को राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन मंत्री पद की शपथ दिलाएंगे. वहीं मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने बीजेपी सह प्रभारी नितिन नबीन रायपुर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा, बीजेपी शुरू से कहती है कि हम सबको स्थान देते हैं. नए लोगों को भी मौका देते हैं. बीजेपी के वर्कआउट में इन चीजों को सामने रखा है. मुख्यमंत्री से लेकर पूरे कैबिनेट का मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जो कल्पना की है. टीम में अनुभव भी है जोश भी है. अटल जी के सपनों का छत्तीसगढ़ बनाने का हमने वादा किया है.मोदी की गारंटी के माध्यम से जो घोषणा पत्र लाए हैं. उस संकल्पना को पूरा करने के लिए विष्णुदेव साय की टीम काम करेगी. छत्तीसगढ़ की सेवा, फिर से विकास की गति और भ्रष्टाचार मुक्त शासन लाने का जो हमने संकल्प लिया है उस पर काम किया जाएगा.

