रायपुर। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के ‘डोनेट फॉर देश’ के नाम पर क्राउड फंडिंग कैंपेन लॉन्च किए जाने पर भाजपा के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने करारा हमला बोला है. उन्होंने इसे भी कांग्रेस की लूट-नीति का अभियान बताया है. बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस के इस अभियान में कार्यकर्ताओं और देशवासियों से चंदा इकठ्ठा किया जाएगा. कांग्रेस नेता इसे 1921 के तिलक स्वराज फंड से प्रेरित बता रहे हैं, जबकि तिलक स्वराज फंड के द्वारा चन्दे की राशि का सदुपयोग ब्रिटिश हुकुमत से लडने में किया गया था.
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि देश के नाम पर पार्टी के लिए चंदा इकठ्ठा करने के इस अभियान को तिलक स्वराज फंड से जोड़कर कांग्रेस ने अपनी घिनौनी राजनीतिक मानसिकता का परिचय दिया है. लोकमान्य तिलक और उनके स्वराज अभियान का अपमान करने का अधिकार कांग्रेसियों को कतई नहीं है.

