रायपुर. छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा महामंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा पर बिकने और सह प्रभारी चंदन यादव पर रकम लेने के आरोप लगाने वाले दो पूर्व विधायकों के निष्कासन पर तंज कसा है. उन्होंने कहा, इससे आरोप धुल नहीं जाएंगे. कांग्रेस सत्ता में थी तो सिर्फ भ्रष्टाचार ही किया. कांग्रेस ने संगठन में भी भ्रष्टाचार किया, यह भेद कांग्रेस के नेता ही उजागर कर रहे हैं.
भाजपा प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप ने कहा कि, कांग्रेस ने बृहस्पत सिंह और विनय जायसवाल को 6 साल के लिए निष्कासित किया है. बृहस्पत सिंह ने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी को बिका हुआ बताया था और विनय जायसवाल ने सह प्रभारी चंदन यादव को 7 लाख देने की बात कही थी. कांग्रेस में कितनी अंतर्कलह है, आपस में कितनी फूट है, कांग्रेस संगठन के अंदर क्या चल है, यह सब अब खुलकर सामने आ रहा है. 7 लाख रुपए चंदन यादव को दिया गया या नहीं दिया गया, कांग्रेस के पास इसका क्या जवाब है? क्या केवल जायसवाल को निष्कासित कर देने से यह सवाल खत्म हो जाएगा कांग्रेस सत्ता में रहने पर भ्रष्टाचार करती है संगठन में भी भ्रष्टाचार नहीं चलता, इसका क्या प्रमाण है? कांग्रेस सरकार चलाए या संगठन चलाए, हर चीज का रेट फिक्स है. भ्रष्टाचार ही कांग्रेस को खत्म कर रहा है. आपस में यह लड़ रहे हैं. निष्कासित हो रहे हैं. कांग्रेस की यह दुर्गति कितनी ज्यादा थी, यह तो सामने आ ही गया. प्रदेश में सत्ता के दौरान इन्होंने क्या-क्या किया, यह भी जल्द ही सामने आएगा.

