रायपुर. आज साइंस कालेज मैदान में हुए शपथ ग्रहण समारोह में हजारों की संख्या में मातृ शक्ति की उपस्थिति रही. महिलाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा लगाकर आई थीं. इन महिलाओं में अभूतपूर्व उत्साह छलक रहा था. महिलाओं से पूछने पर इन्होंने बताया कि हम लोग आज खास तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त कर रहे हैं. उन्होंने संसद में महिलाओं के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित करा महिलाओं की मजबूती का रास्ता तैयार कर दिया है.

संगीता पंसारी ने बताया कि हम लोगों ने मोदी जी का मुखौटा लगाया है. इस तरह से हम उनके प्रति आभार व्यक्त कर रहे हैं. महतारी वंदन योजना उन्होंने लाई है. इससे विवाहित महिलाओं को सालाना बारह हजार रुपए वार्षिक मिलेंगे. संगीता ने बताया कि एक महिला की दिक्कतों की चिंता उन्हें है. मोदी जी को इस बात की चिंता है कि चूल्हा चौका करते वक्त उठता धुँआ बेटियों की तबियत खराब करता है.

