रायपुर भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के तहत रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में भव्य जनजातीय समागम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसकी जानकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने रायपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।

किरण देव ने बताया कि इस आयोजन में सरगुजा से लेकर जशपुर तक के विभिन्न जनजातीय समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का यह पहला छत्तीसगढ़ दौरा होगा।
उन्होंने बताया कि 16 से 18 नवंबर तक प्रदेश की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही जनजातीय छात्रावासों में संपर्क अभियान, स्वाभिमान सम्मेलन, शोभायात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा सहित शहीद गुंडाधूर, डेबरीधूर, वीर नारायण सिंह और गेंद सिंह जैसे जनजातीय नायकों का योगदान देश के इतिहास में महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा जनजातीय समाज के विकास के लिए पीएम जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ नक्सलवाद के प्रभाव से मुक्त क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिल रही है। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में जनजातीय समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

