रायपुर, पीआई इंडस्ट्रीज ने भारतीय कृषि क्षेत्र में स्वदेशी वैज्ञानिक नवाचार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पियोक्साज़ोन® (पियोक्सानिलिप्रोल 20% एससी) की लॉन्चिंग की है। भारत में खोजे गए पहले स्वदेशी कीटनाशक मॉलिक्यूल पियोक्सानिलिप्रोल पर आधारित यह उत्पाद धान, मक्का और चने की फसलों को प्रमुख कीटों से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।
पियोक्साज़ोन® का उपयोग धान में येलो स्टेम बोरर, मक्का में फॉल आर्मीवर्म और चने में पॉड बोरर के नियंत्रण के लिए किया जा सकेगा। कंपनी के अनुसार, इस उत्पाद का देशभर में विभिन्न कृषि परिस्थितियों में मल्टीलोकेशन फील्ड ट्रायल के माध्यम से मूल्यांकन किया गया है तथा इसे केंद्रीय कीटनाशक बोर्ड एवं पंजीकरण समिति (CIB&RC) से पंजीकरण प्राप्त है।

कंपनी का दावा है कि पियोक्साज़ोन® छिड़काव के 30 मिनट के भीतर पौधों द्वारा अवशोषित हो जाता है। इसकी विशेष आणविक संरचना और ट्रांसलैमिनर क्रिया के कारण फसलों में लंबे समय तक कीट नियंत्रण में मदद मिलती है। साथ ही, शिकारी मकड़ियों, लेडीबर्ड बीटल और ग्रीन लेसविंग्स जैसे लाभकारी कीटों के लिए भी इसकी सुरक्षित प्रोफाइल बताई गई है। पीआई इंडस्ट्रीज के वाइस चेयरपर्सन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर मयंक सिंघल ने कहा कि पियोक्साज़ोन® कंपनी की एक दशक लंबी स्वदेशी अनुसंधान एवं नवाचार यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसके माध्यम से भारतीय विज्ञान को खोज और विकास से सीधे किसानों के खेतों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
वहीं, पीआई एग्रीसाइंसेज के सीईओ (इंडिया ब्रांड्स) साकेत भटनागर ने कहा कि कंपनी अपने वितरक और खुदरा विक्रेता नेटवर्क के माध्यम से धान, मक्का और चना उत्पादक किसानों तक यह उत्पाद पहुंचाएगी। किसानों को इसके सही उपयोग और खेतों में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।छत्तीसगढ़ जैसे कृषि प्रधान राज्य में धान, मक्का और दलहन की खेती बड़े पैमाने पर होती है। ऐसे में यह नया उत्पाद किसानों को फसल सुरक्षा के लिए एक स्वदेशी विकल्प उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

