रायपुर। छत्तीसगढ़ ने चिकित्सा के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल की है। रायपुर के मोवा स्थित श्री बालाजी कैंसर हॉस्पिटल में पहली बार टोटल बॉडी इरेडिएशन (TBI) तकनीक का उपयोग करते हुए 5 वर्षीय बच्चे का एलोजेनिक बोन मैरो ट्रांसप्लांट सफलतापूर्वक किया गया। बच्चा वेरी सीवियर एप्लास्टिक एनीमिया (VSAA) जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित था। इस उपलब्धि को राज्य में बोन मैरो ट्रांसप्लांट के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

गंभीर संक्रमण के बीच डॉक्टरों के सामने थी बड़ी चुनौती
ट्रांसप्लांट के समय बच्चे की स्थिति बेहद गंभीर थी। वह न्यूट्रोपेनिक कोलाइटिस और निमोनिया से पीड़ित था। शरीर में संक्रमण से लड़ने वाली श्वेत रक्त कोशिकाओं की संख्या भी काफी कम थी। बच्चे की टीएलसी (टोटल ल्यूकोसाइट काउंट) महज 300 प्रति माइक्रोलीटर थी, जबकि सामान्य स्तर 4,000 से 11,000 के बीच होता है।
ऐसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बोन मैरो ट्रांसप्लांट करना चिकित्सकों के लिए बेहद जटिल था। डॉक्टरों की टीम ने संक्रमण और उपचार से जुड़ी विभिन्न जटिलताओं को नियंत्रित करते हुए पूरी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
टोटल बॉडी इरेडिएशन (TBI) एक विशेष रेडिएशन तकनीक है, जिसका उपयोग बोन मैरो ट्रांसप्लांट से पहले किया जाता है। इसमें मरीज के पूरे शरीर को नियंत्रित मात्रा में रेडिएशन दिया जाता है, ताकि उसकी प्रतिरक्षा प्रणाली को दबाकर डोनर की स्वस्थ स्टेम सेल्स के शरीर में स्थापित होने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा सके।
डॉक्टरों की टीमवर्क से मिली सफलता
इस जटिल ट्रांसप्लांट प्रक्रिया में श्री बालाजी कैंसर हॉस्पिटल के कंसल्टेंट हेमेटोलॉजिस्ट एवं बोन मैरो ट्रांसप्लांट फिजिशियन डॉ. अंबर गर्ग की अहम भूमिका रही। उनके साथ पीडियाट्रिशियन डॉ. निकिता पटेल, पीडियाट्रिक्स विभागाध्यक्ष डॉ. बी.एन. राव और पीडियाट्रिक्स विभाग की पूरी टीम ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
डॉक्टरों के अनुभव, विशेषज्ञता और आपसी समन्वय से यह जटिल प्रक्रिया सफल हो सकी। इस उपलब्धि से छत्तीसगढ़ में आधुनिक कैंसर एवं बोन मैरो ट्रांसप्लांट उपचार सुविधाओं को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

