रायपुर। छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हित में लगातार फैसले ले रही है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी। किसानों से ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदा जाएगा।

मंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष एग्रीस्टेक में पंजीकृत किसानों को दोबारा पंजीयन कराने की जरूरत नहीं होगी। किसानों को धान बेचने के लिए समिति में अलग से ऋण पुस्तिका लाने की आवश्यकता भी नहीं पड़ेगी। धान खरीदी की सुविधा बढ़ाने के लिए 360 नए उपार्जन केंद्र शुरू किए जाएंगे, जिससे केंद्रों की कुल संख्या 3100 हो जाएगी।
रामविचार नेताम ने कहा कि कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति क्विंटल के बजाय प्रति एकड़ के आधार पर आदान सहायता देने का निर्णय लिया गया है। इससे किसानों को प्रोत्साहन मिलने और कृषि में आधुनिक तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

