रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा नेता अजय चंद्राकर के भाई के घर ईडी की छापेमारी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ संयोग है या भाजपा का नया राजनीतिक प्रयोग, इसकी जांच होनी चाहिए।
दीपक बैज ने कहा कि भारतमाला परियोजना घोटाले के संदर्भ में यह कार्रवाई बताई जा रही है, लेकिन भाजपा के ही वरिष्ठ नेता के परिवार पर ईडी की कार्रवाई के पीछे राजनीतिक कारण भी हो सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का एक वर्ग अजय चंद्राकर को कमजोर करने या उनकी आवाज दबाने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा में अजय चंद्राकर द्वारा सरकार से तीखे सवाल पूछे गए थे और राज्य सरकार के विजन डॉक्यूमेंट 2047 को उन्होंने “झूठ का पुलिंदा” बताया था। बैज ने आरोप लगाया कि इसी वजह से दबाव बनाने के लिए ईडी का इस्तेमाल किया जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भारतमाला घोटाले को सुनियोजित भ्रष्टाचार बताते हुए कहा कि इसमें तत्कालीन भाजपा सरकार के लोगों की भूमिका रही है। उन्होंने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग दोहराई।
अडानी पावर के लिए किसानों पर अत्याचार का आरोप
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि Adani Power को पानी उपलब्ध कराने के लिए किसानों की जमीन पर जबरन पाइपलाइन बिछाई जा रही है। उन्होंने कहा कि आरंग ब्लॉक के महानदी किनारे चिखली और समोदा घाट से रायखेड़ा स्थित संयंत्र तक करीब 45 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन डाली जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पाइपलाइन बिछाने के लिए किसानों के खेत खोदे जा रहे हैं, मेड़ काटे जा रहे हैं और पेड़ हटाए जा रहे हैं, जबकि किसानों की सहमति नहीं ली गई है और न ही मुआवजा दिया गया है।
कांग्रेस ने मांग की है कि प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए और उनकी सहमति के बाद ही खुदाई का कार्य किया जाए।

