रायपुर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राजीव भवन में पत्रकार वार्ता कर भाजपा सरकार पर आदिवासी बच्चों के कुपोषण और किसानों के मुद्दे पर निशाना साधा।

दीपक बैज ने आरोप लगाया कि कवर्धा जिले के रेंगाखार क्षेत्र के नंदनी कुमान गांव में कुपोषण और एनीमिया के कारण बैगा जनजाति के पांच बच्चों की मौत हुई है, जबकि 13 बच्चे स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती हैं। उन्होंने प्रभावित बच्चों के बेहतर इलाज, गांव में कुपोषण पुनर्वास केंद्र खोलने और मृत बच्चों के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।
धान खरीदी के मुद्दे पर बैज ने कहा कि किसानों को धान का भुगतान 3,358 रुपये प्रति क्विंटल की दर से किया जाए। उन्होंने प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी, जबरिया रकबा समर्पण पर रोक और दीपावली से पहले किसानों की बकाया राशि का भुगतान करने की मांग की।
उन्होंने बताया कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में छत्तीसगढ़ से कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।

