राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ रहे अपराध को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि राजधानी में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।
उन्होंने कहा कि रविवार को फिर चाकूबाजी की घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक नाबालिग गंभीर रूप से घायल हुआ है। राजधानी में रोजाना हत्या, लूट और चाकूबाजी जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम जनता में डर का माहौल है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के बावजूद अपराधों पर कोई अंकुश नहीं लग पाया है। पुलिस अपराध रोकने में नाकाम साबित हो रही है और मैदानी स्तर पर पर्याप्त अमले की कमी बनी हुई है।
सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि पुलिस केवल ट्रैफिक चालान और वसूली में व्यस्त नजर आ रही है, जबकि शहर में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री और मुख्यमंत्री के नाक के नीचे राजधानी में हो रही आपराधिक घटनाएं सरकार की विफलता को दर्शाती हैं।
कांग्रेस ने राजधानी में कानून-व्यवस्था सुधारने और अपराध पर तत्काल नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

