रायपुर में भारत न्यूज़ीलैंड टी20 मुकाबले की तैयारियां अंतिम चरण में,

रायपुर में भारत न्यूज़ीलैंड टी20 मुकाबले की तैयारियां अंतिम चरण में,

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बड़े मुकाबले की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 23 जनवरी को भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले जाने वाले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। स्टेडियम को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को हैंडओवर कर दिया गया है और अब मैच से जुड़ी सभी तकनीकी, प्रसारण और आयोजन संबंधी व्यवस्थाएं बीसीसीआई के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी की जा रही हैं।

बता दें कि मैच से पहले दोनों टीमों की रायपुर में आवाजाही को लेकर भी विस्तृत योजना बनाई गई है। क्रिकेट संघ से मिली जानकारी के अनुसार भारत और न्यूज़ीलैंड की टीमें 22 जनवरी को रायपुर पहुंचेंगी। खिलाड़ी शहर के एक निजी होटल में ठहरेंगे, जहां वे दो दिनों तक रुकेंगे। होटल से स्टेडियम तक खिलाड़ियों की आवाजाही के दौरान विशेष सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू रहेगा। वहीं, 23 जनवरी को मैच के दिन सुबह दोनों टीमों के खिलाड़ी शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में अभ्यास सत्र कर सकते हैं, जिसके लिए मैदान और पिच को पूरी तरह तैयार कर लिया गया है।

भारत–न्यूज़ीलैंड मुकाबले को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) के अनुसार मैच के टिकटों की ऑनलाइन बिक्री लगातार जारी है और बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी टिकट खरीद रहे हैं। टिकट टिकटजिनी वेबसाइट और ऐप के माध्यम से उपलब्ध हैं, जहां एक यूज़र अधिकतम चार टिकट ही खरीद सकता है। टिकटों की कीमत 800 रुपये से शुरू होकर 25 हजार रुपये तक तय की गई है। विद्यार्थियों के लिए खास व्यवस्था करते हुए मात्र 800 रुपये में टिकट उपलब्ध कराया गया है, जिसके लिए मान्य स्टूडेंट आईडी दिखाना अनिवार्य होगा। आम दर्शकों और प्रीमियम कैटेगरी के लिए अलग-अलग दरें निर्धारित की गई हैं।

Chhattisgarh