पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने कोरबा के कलेक्टर अजीत वसंत को जिले से हटाने की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वे शनिवार को रायपुर में मुख्यमंत्री के आवास के सामने धरना देने के लिए पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोकते हुए एक भवन में नजरबंद कर दिया। इस दौरान पुलिस के कई अधिकारी और जवान मौजूद थे। नजरबंदी के बावजूद, भाजपा के कई दिग्गज नेता और कार्यकर्ता उन्हें मनाने के लिए पहुंचे। उनके बेटे संदीप कंवर भी पिता से बात करने की कोशिश कर रहे हैं।
ननकीराम कंवर ने पहले ही कोरबा कलेक्टर के खिलाफ 14 बिंदुओं पर शिकायत दर्ज कराते हुए उनकी तत्काल बर्खास्तगी की मांग की थी। उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि कलेक्टर को हटाया नहीं गया तो वे 4 अक्टूबर को मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना देंगे।

