रायपुर। स्व. श्री पुरुषोत्तम अग्रवाल स्मृति फाउंडेशन के तत्वावधान में दही हांडी उत्सव स्थल, अवधपुरी मैदान, श्रीनगर रोड, गुढिय़ारी रायपुर में दूसरी बार बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पूज्य पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 4 से 8 अक्टूबर 2025 तक श्री हनुमंत कथा करने आ रहे हैं।

पं. शास्त्री 3 अक्टूबर की शाम 6 बजे रायपुर विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से भारत माता चौक होते हुए नगर भ्रमण कर कथा स्थल पहुंचेंगे। पूरे मार्ग में उनका भव्य स्वागत किया जाएगा और फूलों की वर्षा की जाएगी। कथा प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से संध्या 7 बजे तक होगी जिसका सीधा प्रसारण संस्कार टीवी और बसंत अग्रवाल के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स (इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब) पर होगा। दिव्य दरबार भी किसी भी दिन प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच आयोजित किया जा सकता है।

भव्य तैयारियां और सेवा व्यवस्था कथा स्थल को विशाल पंडाल और जगह-जगह एलईडी स्क्रीन से सजाया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक भक्त आराम से कथा का रसपान कर सकें। भोजन-प्रसादी की व्यवस्था प्रतिदिन सुबह 10 बजे और रात 9 बजे नि:शुल्क रहेगी। बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए 200 ई-रिक्शा की विशेष सुविधा रखी गई है।
भीड़ प्रबंधन के लिए जिला प्रशासन और यातायात पुलिस सक्रिय रहेगी। समिति की ओर से भक्तों से अपील की गई है कि वे फोर व्हीलर के बजाय बाइक का अधिक उपयोग करें ताकि ट्रैफिक जाम की समस्या न हो।
वीआईपी मौजूद रहेंगे
कथा श्रवण के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या देवी साय, उपमुख्यमंत्रीद्वय श्री अरुण साव व श्री विजय शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, मंत्रिमंडल के सदस्य, रायपुर के विधायकगण, नगर निगम की महापौर मीनल चौबे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।
समाजसेवी चंदन – बसंत अग्रवाल का वक्तव्य
युवा समाजसेवी चंदन – बसंत अग्रवाल ने कहा कि रायपुर की पावन धरा पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के लिए विशेष है। वे हर कथा में रायपुर का उल्लेख करते हैं और इसे भगवान श्रीराम की ननिहाल बताते हैं। पिछली बार की तुलना में इस बार लाखों की संख्या में अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।

