सुकमा। प्रदेश के वनमंत्री केदार कश्यप ने एक दिवसीय क्षेत्रीय प्रवास के दौरान मंगलवार को नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के बस्तर विकास खंड में क्षेत्रवासियों को करोड़ों की सौगात दी। श्री कश्यप ने करोड़ों के विकास कार्यों का भूमिपूजन कर उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।
कश्यप ने कहा कि, हमारे बस्तर संभाग के विकास के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की भाजपा सरकार सहित केंद्र की मोदी सरकार भी साथ है। प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार के विकास कार्यों और नियद नेल्लानार जैसी योजनाओं के क्रियान्वयन से बस्तर नक्सल मुक्त क्षेत्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि, हमारा सपना अब साकार होने लगा है। भाजपा सरकार के नियद नेल्ला नार योजना ने बस्तर के उन क्षेत्रों में मूलभुत सुविधाओं और अवश्यकताओं को पूर्ण करने का कार्य किया है जहाँ आजादी के 70 साल बाद भी कांग्रेस की सरकार पहुंच नहीं पायी। वनमंत्री ने कहा कि हमारा बस्तर अब हर दिशा में तेज गति से आगे बढ़ रहा है।
वनमंत्री केदार कश्यप ने आज ग्राम पंचायत मांदलापाल, कुंगारपाल, बाकेल, भानपुरी में आंगनबाडी केंद्र, सांस्कृतिक मंच, चबूतरा, सीसी सड़क निर्माण, विभिन्न स्थानों पर हाई मास्क लाइट की व्यवस्था जैसे करोड़ों के विकास कार्यों का भूमि पूजन कर क्षेत्र वासियों को 1 करोड़ 18 लाख रूपये का सौगात प्रदान किया है।

