रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र के शुरू होते ही राज्यपाल के अभिभाषण को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने हैं. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि उनकी (कांग्रेस) सरकार के आंकड़ों को कॉपी-पेस्ट कर राज्यपाल का अभिभाषण कराया. वहीं दूसरी ओर भाजपा विधायक राजेश मूणत ने पलटवार करते हुए कहा कि अभिभाषण की जो प्रमुख बातें हैं, वह सरकार के एक साल के कार्यकाल की है.
राज्यपाल रमेन डेका के अभिभाषण को लेकर पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि अभिभाषण में नया कुछ नहीं है, वही सारी पुरानी बातें हैं. हमारी सरकार में संचालित योजनाओं का उल्लेख राज्यपाल के अभिभाषण में देखने को मिला. 18 लाख आवास देने का फैसला पहली कैबिनेट में किया था, आंकड़े बताना चाहिए. कितने लोगों को आवास की चाबी दी है बताएं. साल भर में सरकार कोई काम नहीं कर पाई, केवल पुराने आंकड़े को कॉपी-पेस्ट कर,राज्यपाल का अभिभाषण कराया.
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इतने ट्रेन बंद हो चुके हैं कि लोग आंकड़े भूल गए हैं. वहीं बीजेपी की पंचायत चुनाव में अधिक सीटों में जीत के दावे पर कहा कि बीजेपी झूठ बोल रही है. जिला पंचायत में हेरा-फेरी किए हैं, बहुत गंभीर मामला है. प्रशासनिक दबाव के चलते जीते हुए को हारा घोषित कर रहे हैं.

