धमतरी के सर्वोदय इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल में छत्तीसगढ़ के प्रथम लोकपर्व हरेली तिहार धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि धरसींवा विधायक अनुज शर्मा और विशिष्ट अतिथि महापौर रामू रोहरा शामिल हुए। अतिथियों ने कृषि उपकरणों की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली व अच्छी फसल की कामना की। विद्यार्थियों ने सुआ, कर्मा और ददरिया नृत्य की प्रस्तुति दी। गेंड़ी दौड़ व कुर्सी दौड़ जैसी पारंपरिक प्रतियोगिताएं भी हुईं। विधायक अनुज शर्मा और महापौर रामू रोहरा ने गेंड़ी पर चढ़कर उत्सव का आनंद लिया। विधायक ने विद्यार्थियों को संस्कृति से जुड़े रहने और एक पौधा लगाने का संदेश दिया। वहीं महापौर ने जैविक खेती व पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। समारोह में विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

