राजधानी रायपुर में बने एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा इंतजामों की कमी को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। राजातालाब इलाके में नाले के ऊपर बने इस एक्सप्रेसवे पर पिछले दो दिनों में कई हादसे सामने आए हैं, जिससे आम लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।
इसी मुद्दे को लेकर आज युवा कांग्रेस रायपुर उत्तर विधानसभा के कार्यकारी अध्यक्ष नवाज़ खान के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा जाली लगाने की मांग की, जो अब तक नहीं लगाई गई है। उनका कहना है कि इस लापरवाही के कारण लगातार दुर्घटनाएँ हो रही हैं और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार आम जनता की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और तत्काल सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की।
इस अवसर पर नवाज़ खान ने कहा,
“हम सरकार से मांग करते हैं कि एक्सप्रेसवे पर जल्द से जल्द सुरक्षा जाली लगाई जाए, ताकि भविष्य में हादसों को रोका जा सके। यदि हमारी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो युवा कांग्रेस उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।”
युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई और कोई बड़ा हादसा होता है, तो उसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

