रायपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस,

रायपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस,

रायपुर। 77वां गणतंत्र दिवस राजधानी रायपुर में पूरे उत्साह, देशभक्ति और गौरवपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने पुलिस परेड ग्राउंड में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। उन्होंने परेड का निरीक्षण भी किया। समारोह में मुख्य सचिव विकास शील तथा पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम विशेष रूप से उपस्थित रहे।

राज्यपाल श्री डेका ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पावन दिवस राष्ट्र के लिए नए संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि सभी मिलकर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें राष्ट्र की एकता और अखंडता को सहेजते हुए संविधान के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कराता है।

अपने संदेश में राज्यपाल ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, डॉ. भीमराव अंबेडकर, शहीद वीर नारायण सिंह और वीर गुंडाधुर सहित सभी स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि आज के ही दिन देश को ऐसा संविधान प्राप्त हुआ, जिसने प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्रता और समानता का अधिकार दिया। बाबा गुरु घासीदास जी के “मनखे-मनखे एक समान” के संदेश को उन्होंने संवैधानिक समानता की भावना का प्रतीक बताया।

इस अवसर पर पुलिस वीरता पदक, विशिष्ट सेवा हेतु राष्ट्रपति का पुलिस पदक और सराहनीय सेवा पदक प्रदान किए गए। वीर बच्चों—आर्यन खेश, राकेश मिंज, आशु देवांगन, मेहुल देवांगन और कुमारी हेमाद्री चौधरी—को राज्य वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां: मुख्य समारोह में आकर्षक परेड, हॉर्स शो, डॉग शो, बैगपाइपर बैंड डिस्प्ले, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विभिन्न विभागों की झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। समारोह में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों, शहीदों के परिजनों, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।

Chhattisgarh