रायपुर। बीएड सहायक शिक्षकों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए उन्हें लैब टेक्नीशियन के रूप में समायोजित करने के राज्य सरकार के फैसले का स्वागत किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक निर्णय पर शिक्षकों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर शिक्षकों ने खुशी जाहिर की और सरकार के इस निर्णय की सराहना की। मुलाकात के बाद सीएम साय ने सोशल मीडिया मंच X पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि, शिक्षकों के चेहरे पर मुस्कान देखकर आत्मिक संतोष की प्राप्ति हुई है। समायोजन के निर्णय से सभी प्रसन्न हैं।
वहीं छत्तीसगढ़ में 30 अप्रैल को विष्णुदेव साय कैबिनेट की बैठक में बर्खास्त बीएड डिग्रीधारी शिक्षकों के हित में सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने हरिभूमि डाट काम को बताया कि, सरकार ने बर्खास्त 2621 बीएड डिग्रीधारी सहायक शिक्षकों के हित में बड़ा फैसला लिया है। उनका सहायक शिक्षक विज्ञान प्रयोगशाला के पद पर समायोजन किया जाएगा।

