हरेली की उमंग के बीच जनसमस्या निवारण शिविर में पहुंचे उप मुख्यमंत्री  अरुण साव

हरेली की उमंग के बीच जनसमस्या निवारण शिविर में पहुंचे उप मुख्यमंत्री अरुण साव

रायपुर. उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव आज हरेली की उमंग और उत्साह के बीच रायपुर में जनसमस्या निवारण शिविर में पहुंचे। उन्होंने जनसमस्या निवारण पखवाड़ा के तहत चंगोराभाठा के वार्ड क्रमांक-68, डॉ. खूबचंद बघेल वार्ड के सांस्कृतिक भवन में आयोजित शिविर में कृषि औजारों और गेड़ी की पूजा कर प्रदेशवासियों और किसानों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने गेड़ी का आनंद भी लिया। श्री साव ने सांस्कृतिक भवन से लगे डॉ. खूबचंद बघेल उद्यान में हरेली के मौके पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत हरिशंकरी का पौधा लगाया। रायपुर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष श्रीमती मीनल चौबे, नगरीय प्रशासन विभाग के संचालक श्री कुंदन कुमार, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, नगर निगम के आयुक्त श्री अबिनाश मिश्रा और वरिष्ठ पार्षद श्री मृत्युंजय दुबे भी इस दौरान मौजूद थे।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने जनसमस्या निवारण शिविर में लोगों को हरेली की बधाई देते हुए कहा कि आज से छत्तीसगढ़ में त्योहारों का सिलसिला शुरू हो गया है। हरेली प्रकृति और किसानों का त्योहार है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में रायपुर का विकास रूक गया था। किसी का कोई काम नहीं हो रहा था। अब मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की सरकार सांय-सांय काम कर रही है। महतारी वंदन योजना के हितग्राही महिलाओं के खाते में 1 तारीख को ही पैसे आ जा रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि अभी तो यह शुरुआत है, रायपुर के विकास के लिए पैसों की कमी नहीं होगी। उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यहां जनसमस्या निवारण शिविर में कई विभागों के अधिकारी आप लोगों की समस्या सुलझाने के लिए आए हैं। आप शिविर में सक्रिय सहभागिता देकर इसका पूरा लाभ उठाएं। छत्तीसगढ़ की सरकार जनता के प्रति जवाबदेह सरकार है। हमने छत्तीसगढ़ को बनाया है, और हम ही इसे संवारेंगे। उन्होंने रायपुर नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष श्रीमती मीनल चौबे की मांग पर वार्ड में विभिन्न विकास कार्यों के लिए एक करोड़ रुपए देने की घोषणा की।

Chhattisgarh